भीमताल (नैनीताल)। विकासखंड सभागार भीमताल में शुक्रवार को विधायक राम सिंह कैड़ा और ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट ने बहुउद्देशीय शिविर में अधिकारियों संग ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। शिविर में अलचौना की ग्राम प्रधान और बीडीसी सदस्य अंकित कुमार ने कहा कि जल जीवन मिशन योजना के तहत बिछाई गई पेयजल लाइन में एक दिन पानी नहीं आया। उन्होंने कहा कि ऐसे कनेक्शनों का क्या काम जिनमें पानी नहीं आता, उन्होंने इसकी जांच की मांग की।
विधायक और ब्लॉक प्रमुख ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए पेयजल निगम के अधिकारियों से पेयजल व्यवस्था को सुधारने को कहा। मेहरागांव क्षेत्र के प्रेम सिंह नेगी ने स्थानीय लोगों को पानी नहीं देने और बाहरी लोगों को अधिक मात्रा में पानी देने पर नाराजगी जाहिर की। हैडिया गांव के प्रधान प्रदीप कुमार ने कहा कि क्षेत्र की समस्याएं हल नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्राम प्रधान जितेंद्र चनौतिया ने सड़क किनारे खड़े वाहनों पर कार्रवाई करने की मांग की। एसडीएम नवाजिश खलीक ने शिविर में उठी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों को हल करने के निर्देश दिए। शिविर में महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई। इस दौरान ज्येष्ठ प्रमुख उमेश पलड़िया, मंडल अध्यक्ष कमल जोशी, पंकज उप्रेती, नितेश बिष्ट, जितेंद्र चनौतिया, जया बोहरा, कमल देवका, गोपाल कृष्ण भट्ट आदि मौजूद रहे। संवाद