गरमपानी (नैनीताल)। गरमपानी-खैरना बाजार के पीछे बहने वाली शिप्रा नदी में स्वीकृत खनन पट्टे का काम चल रहा है। शनिवार सुबह करीब 10 बजे निवर्तमान ग्राम प्रधान कन्नू गोस्वामी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने खनन के रास्ते को बंद कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से नदी किनारे घरों के पीछे उनकी नाप भूमि पर अवैध खनन करने और घरों को आने वाली पाइप लाइनों को भी मशीन से क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। गुस्साए ग्रामीणों ने नदी वाले रास्ते में पत्थर रखकर रास्ता बंद करते हुए नारेबाजी की।
गुस्साए लोगों ने कहा कि पाइप लाइन टूटने से घरों में पानी आना बंद हो गया है। साथ ही रात के समय मशीनों से खनन किए जाने से सोना तक मुश्किल हो रहा है। ग्रामीणों ने नाराजगी जाहिर करते हुए शाम तक वाहनों को रोके रखा। खनन निकासी शुरू नहीं होने के कारण उपखनिज के लिए आए वाहन चालक अपने वाहनों को नदी के रास्ते में ही खड़ा कर चले गए।
लोगों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने मामले में कार्रवाई नहीं की तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में भुवन पिनारी, सुरेश गौणी, हरक सिंह पिनारी, गोधन सिंह, बसंती देवी, रेखा देवी, हंसी देवी, मंजू देवी, भूपेंद्र सिंह, ललित सिंह आदि थे। संवाद