गरमपानी (नैनीताल)। रामगढ़ ब्लॉक के कमोली ग्राम सभा में ढोकाने फॉल और उसके आसपास की जमीन पर अतिक्रमण करने पर मंगलवार को ग्रामीण भड़क गए। आरोप लगाया कि ग्रामसभा में कुछ बाहरी लोगों ने अतिक्रमण कर दिया है लेकिन प्रशासन मूकदर्शक बना है। उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। साथ ही क्वारब चौकी में कार्रवाई के लिए तहरीर दी है।
जिला पंचायत सदस्य और पूर्व ब्लॉक प्रमुख लाखन सिंह नेगी ने बताया कि ढोकाने वाटर फॉल ग्रामसभा कमोली की जमीन में है, जिसे ग्राम सभा की अनुमति के बिना ही बाहरी व्यक्ति को लीज पर दे दी गई। इससे नाराज ग्रामीणों ने बैठक कर आम सहमति के बाद मंगलवार को गेट पर तालाबंदी की। साथ ही वाटर फॉल पर अतिक्रमण करने वालों से वाटर फॉल खाली करने को कहा। वहीं ढोकाने वाटर फॉल को भालूगाढ़ की तर्ज पर विकसित कर स्थानीय युवाओं को रोजगार से देने की मांग की है।
इस दौरान भगवंत भंडारी, प्रधान तरुण कुमार कांडपाल, कमल नेगी, अर्जुन नेगी, विजय सिंह, अजय कुमार, सरपंच मनोज भंडारी, भपेंद्र भंडारी, प्रमोद गुणवंत, पूरन सिंह आदि मौजूद रहे।
कुमाऊं मंडल विकास निगम के एमडी नरेंद्र भंडारी का कहना है कि ढोकाने वाटर फॉल के आसपास की जमीन को देखभाल और रखरखाव के लिए दी गई है। यदि ग्रामीण विरोध कर रहे हैं तो ग्रामीणों की समस्या को सुनकर समाधान किया जाएगा।