जिम कॉर्बेट पार्क में पर्यटकों के वाहन के सामाने आया बाघिन। संवाद
रामनगर (नैनीताल)। पर्यटकों की एक जिप्सी पर बाघिन के झपटने का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। वीडियो कार्बेट पार्क के गर्जिया पर्यटन जोन का बताया जा रहा है।
वन्यजीवों का नजदीक से दीदार करने के लिए देश-विदेश से काफी संख्या में पर्यटक कार्बेट पार्क पहुंचते हैं लेकिन कई बार यहां वन्यजीवों का आक्रामक व्यवहार भी देखने को मिलता है। ऐसा ही एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक बाघिन जंगल से निकलकर सफारी कर रहे पर्यटकों की जिप्सी की ओर दौड़ती नजर आ रही है। इस दौरान सफारी कर रहे लोगों की सांसें थम जाती हैं लेकिन कुछ देर के बाद बाघिन जंगल में चली जाती है। वन्यजीव प्रेमी और नेचर गाइड संजय छिम्वाल का दावा है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो कॉर्बेट पार्क के गर्जिया पर्यटन जोन का है। कॉर्बेट पार्क के वार्डन अमित ग्वासीकोटी ने बताया कि वीडियो आठ से दस दिन पुराना है जिसकी जांच की जा रही है।