कुमाऊं विवि के 50वें स्थापना दिवस पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि शैक्षणिक संस्थान केवल डिग्रियां या प्रमाणपत्र प्राप्त करने की जगह नहीं हैं। अन्यथा वर्चुअल लर्निंग और परिसर आधारित लर्निंग में अंतर क्यों होता। शैक्षणिक संस्थान विचार और नवाचार के स्वाभाविक व जैविक प्रयोगशाला हैं। उपराष्ट्रपति स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कुमाऊं विवि की फैकल्टी को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, आपके साथियों के साथ बिताया गया समय आपके सोचने के तरीके को परिभाषित करता है। यह स्थान वह परिवर्तन उत्पन्न करने के लिए हैं, जिसकी आवश्यकता है। विचार आते हैं, लेकिन विचारों पर विचार होना भी जरूरी है। अगर कोई विचार असफलता के डर से आता है तो आप नवाचार या प्रयोग नहीं करते। तब हमारी प्रगति रुक जाती है।
कुमाऊं विवि पांच दशक से ज्ञान और नवाचार का स्तंभ बनकर खड़ा : कुलपति
कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत ने कहा कि विवि पांच दशक से ज्ञान और नवाचार का स्तंभ बनकर खड़ा है। विवि ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नए मानक स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि विवि के पूर्व छात्र विश्वभर में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। उनका कहना है कि कुमाऊं विवि देश का पहला ऐसा संस्थान है जिसने परीक्षा सामग्री की गोपनीय छपाई के लिए एक पारदर्शी और वित्तीय रूप से मितव्ययी ओपन टेंडर प्रक्रिया लागू की है। यही नहीं विवि ने डायरेक्टोरेट ऑफ विजिटिंग प्रोफेसर्स की स्थापना की है। संवाद
प्रदेश में 38 लाख बच्चे ग्रहण कर रहे उच्च शिक्षा : धन सिंह रावत
नैनीताल पहुंचे शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य में 38 लाख छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। राज्य के सभी राजकीय उच्च शिक्षण संस्थानों को एक पेड़ मां के नाम अभियान से जोड़ा जा रहा है। इस दौरान सभी शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के साथ ही छात्र-छात्राएं भी अपने संस्थान के परिसर, घर व सार्वजनिक स्थानों पर एक पौधे का रोपण करेंगे। कहा कि प्रदेश के छात्र-छात्राओं को पोर्टल पर पंजीकरण करने में किसी प्रकार की समस्या न हो इसका विशेष ख्याल रखा गया है। सभी विवि ने शैक्षणिक कैलेंडर जारी किए हैं। संवाद
एंबुलेंस और निजी वाहन से दो मरीजों को पुलिस ने स्कॉर्ट कर अस्पताल पहुंचाया
उप राष्ट्रपति के नैनीताल-हल्द्वानी मोटर मार्ग से मूवमेंट के दौरान नैनीताल पुलिस ने वीवीआईपी रूट में आ रही एंबुलेंस और निजी वाहन में सवार दो मरीजों को स्कॉर्ट कर अस्पताल पहुंचाया जिसके बाद मरीजों को उपचार मिला।
बुधवार को नैनीताल में एक पर्यटक की तबीयत बिगड़ जाने के कारण तत्काल उचित उपचार के लिए एंबुलेंस से हल्द्वानी भेजा गया। इसी दौरान उप राष्ट्रपति का हल्द्वानी से नैनीताल वाले मार्ग पर वीवीआईपी मूवमेंट चल रहा था। पुलिस ने सूझबूझ एवं तत्परता से एंबुलेंस को निकलवाकर अस्पताल भेजा। इसी दौरान वीवीआईपी मूवमेंट के समय वीरभट्टी के पास भी ट्रैफिक को रोकने के दौरान एक व्यक्ति के सीने में अचानक दर्द उठने पर पुलिस ने अपने वाहन से स्कॉर्ट करके वीवीआईपी रूट से पार करवाया। साथ ही कार में सवार व्यक्ति को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने में सहायता की। स्थानीय लोगों और पर्यटकों की ओर से नैनीताल पुलिस के इन कार्यों को अत्यधिक सराहा जा रहा है।
उपराष्ट्रपति ने राज्यपाल के साथ ली चाय की चुस्की
राजभवन में बुधवार की शाम को उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) के साथ चाय की चुस्की ली। उन्होंने नैनीताल के सुहावने मौसम का आनंद लिया। शाम को इसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही थी।