बेतालघाट ब्लाक के हली हरतपा रोड में शुक्रवार की देर रात डंपर के खाई में गिरने से चालक परिचालक गंभीर रुप से घायल हो गए। हादसे में डंपर के परखचे उड़ गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए बीडी पांडे अस्पताल नैनीताल भेजा गया है।
जानकारी के मुताबिक बीती रात दस बजे के करीब रामगढ़ की ओर से आ रहा डंपर संख्या यूके 04 सी 9321 जैसे ही हली गांव के पास पहुंचा ही था कि अनियंत्रित होकर चार सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना जबरदस्त था कि खाई में गिरते ही डंपर के परखचे उड़ गए।
हादसे में डंपर चालक धीरज पांडे (35) निवासी ज्योलीकोट और परिचालक योगेश चंद्र पांडे (36) घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर आसपास के ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को खाई से बाहर निकाला।
सूचना मिलने पर भवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। बाद में दोनों घायलों को आपातकालीन वाहन 108 से नैनीताल स्थित बीडी पांडे अस्पताल भेज दिया गया।