हल्द्वानी। रानीबाग से गौलापार जा रही बिजली लाइन के पोल को अनियंत्रित टैक्सी वाहन ने क्षतिग्रस्त कर दिया। वाहन बिजली लाइन में उलझकर पलट गया। हादसे में चालक बाल-बाल बच गया। इसके बाद गौलापार के कालीचौड़ इलाके की बिजली रात भर गुल रहही। यूपीसीएल की टीम ने रविवार सुबह लाइन दुरुस्त कर बिजली आपूर्ति बहाल की।
शनिवार देर रात 10:30 बजे गौलापार में सीआरपीएफ ग्रुप कैंप के पास टैक्सी वाहन अनियंत्रित होकर बिजली की 11 केवी लाइन के खंभे से जा टकराया। तेज धमाके के साथ गौलापार बिजलीघर की सप्लाई ठप हो गई। सूचना पर यूपीसीएल के एसडीओ यूके भास्कर टीम के साथ मौके पर पहुंचे और लाइन दुरुस्त करने के लिए काम शुरू किया। रात होने के कारण इस सेक्शन को काट बिजलीघर की आपूर्ति सुचारु कर दी गई लेकिन तीन ट्रांसफार्मरों की आपूर्ति गुल होने से कालीचौड़ क्षेत्र अंधेरे में डूबा रहा। एसडीओ यूके भास्कर ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया जबकि चालक की जान बच गई। मामले में जेई की ओर से वाहन चालक के खिलाफ तहरीर सौंपी जाएगी।
जज फार्म क्षेत्र में गुल रही बिजली
हल्द्वानी। डहरिया धान मिल रोड स्थित आईटीआई परिसर में बन रहे बिजलीघर के चलते रविवार को टीपीनगर सब स्टेशन के जज फार्म फीडर की बिजली पांच घंटे ठप रही। अधिशासी अभियंता प्रदीप कुमार ने बताया कि नए बिजलीघर के लिए पोल खड़े करने और लाइन खींचने के लिए शटडाउन शेड्यूल लिया गया था। फीडर से जुड़े अधिकतर इलाकों की बिजली प्रभावित क्षेत्र के सेक्शन काटकर बहाल कर दी गई थी।
फोटो कैप्शन-गौलापार में बिजली लाइन से टकराकर पलटा वाहन। स्रोत: जागरूक पाठक