किच्छा। शुक्रवार रात अज्ञात वाहन की चपेट में आकर पुलभट्टा के पास सब्जी विक्रेता की मौत हो गई है।
ग्राम केशवपुर कलां थाना दातागंज जिला बदायूं निवासी अवनेश (23) पुत्र मिटठू सिंह पुलभट्टा क्षेत्र में सब्जी बेचता था। बताया जा रहा कि वह यहां अपने एक रिश्तेदार शंभू निवासी भंगा की चक्की पर रहता था। बीती रात जब तेज बारिश हो रही थी तो अवनेश सब्जी बेचकर घर आ रहा था। इसी समय अज्ञात वाहन की चपेट में आने से अवनेश की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलभट्टा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रुद्रपुर भेज दिया। इधर परिजन बदायूं से किच्छा पहुंच गए और देर शाम शव को परिजन गृह जनपद रवाना हो गए।
लगातार दूसरे दिन भी बगास का ट्रक पलटा
किच्छा। पुलभट्टा क्षेत्र में शनिवार तड़के करीब चार बजे थाने के ठीक सामने बगास से भरकर आ रहा ट्रक पलट गया। दुर्घटना का कारण थाने के सामने बना गहरा गड्ढा बताया जा रहा है। शुक्र यह रहा कि इस दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई। शनिवार सुबह सितारगंज की ओर से ट्रक (यूपी 21एएन 7488) बगास भरकर आ रहा था। थाने के ठीक सामने अचानक ट्रक पलट गया चौराहे पर बगास फैल गई। बता दें कि बृहस्पतिवार को भी थाने से कुछ दूरी पर एक बगास से भरा ट्रक पलट गया था, जिसकी चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई थी। इधर, शुक्रवार को हुई बारिश के बाद पुलभट्टा के पास हाईवे पर बरेली जाने वाली सड़क मलबे में बदल गई। इस कारण वाहनों को रेंग रेंग कर चलना पड़ा। पुलिस ने सड़क पर लगे जाम को कई बार खुलवाया।