हल्द्वानी। कोरोना संक्रमण की चुनौती को देखते हुए संभागीय परिवहन कार्यालय भी तैयारियों में जुट गया है। मरीजों को ले जाने वाली एंबुलेंस का पार्टीशन किया जा रहा है, जिससे चालक और मरीज एक दूसरे के संपर्क में न आए।
आरटीओ ने 16 निजी एंबुलेंस को भी अधिग्रहण कर लिया। इनमें चार एंबुलेंस के पार्टीशन का काम शुरू हो गया है। परिवहन विभाग का कहना है कि जल्द ही सभी एंबुलेंस को इसी तर्ज पर तैयार कर लिया जाएगा। कोरोना संक्रमण को देखते हुए इन एंबुलेंस का पार्टीशन इस तरह किया जा रहा है, जिससे मरीजों को लाने और ले जाने पर संक्रमण से चालक दल बचा रहे।
इसी तरह विभाग ने एक बस और 10 जीपों का भी पार्टीशन करवा दिया। बस को इसलिए तैयार किया है कि अगर भविष्य में कई मरीजों को एक साथ लाना और ले जाना पड़े तो बड़ा वाहन उपलब्ध रहे। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से एंबुलेंस के ड्राइवरों की भी ट्रेनिंग दी गई है, जिससे कि वह मरीजों को लाते और ले जाते समय खुद की सुरक्षा का भी ध्यान रख सके।
परिवहन विभाग ने भी तैयारी शुरू कर दी है। कोरोना संक्रमण को देखते हुए वाहनों को जरूरत के हिसाब तैयार किया जा रहा है। साथ ही सभी वाहनों को सैनिटाइज भी किया जा रहा है। - राजीव मेहरा, आरटीओ, हल्द्वानी
एंबुलेंस चालकों ने की पीपीई किट की मांग
जानकारी के अनुसार एंबुलेंस चालक पीपीई किट की मांग कर रहे हैं। हालांकि आरटीओ की ओर से जानकारी दी गई कि यह निर्णय स्वास्थ्य विभाग को लेना है।