हल्द्वानी। आयुक्त दीपक रावत की फटकार के बाद यूयूएसडीए ने एडीबी की ओर से बिछाई जा रही पेयजल लाइन में हाइड्रो टेस्टिंग व क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। जल्द ही पेयजल कनेक्शन देने का काम भी शुरू कर दिया जाएगा।
निलियम कॉलोनी में यूयूएसडीए की ओर से बिछाई जा रही पेयजल लाइन का दो दिसंबर को आयुक्त दीपक रावत ने औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने हाइड्रो टेस्टिंग में हो लेटलतीफी और क्षतिग्रस्त सड़कों को ठीक न कराने पर अधिकारियों को फटकार लगाई थी। उन्होंने जल्द से जल्द इस कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए थे। आयुक्त के निर्देश के बाद कार्यदायी संस्था ने उक्त कार्य शुरू कर दिए हैं।
यूयूएसडीए के परियोजना प्रबंधक कुलदीप सिंह ने बताया कि नगर निगम के वार्ड संख्या 56 के जीतपुर नेगी में हाइड्रो टेस्टिंग और सड़क मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य को गुणवत्ता को लेकर किसी तरह की कोई शिकायत न आए, इस बात का भी ध्यान रखा जा रहा है।