हल्द्वानी। चेन्नई के एसएसएन मैदान में चल रही विजय हजारे ट्रॉफी में उत्तराखंड ने सिक्किम को 145 रनों के अंतर से हराकर अपनी लगातार पांचवीं जीत हासिल की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए उत्तराखंड की सलामी जोड़ी कमल कन्याल और जय बिष्ट ने शानदार बल्लेबाजी से पहले विकेट के लिए 133 रन जोड़े। जय बिष्ट 67 गेंद में 54 रन बनाकर आउट हो कर पवेलियन लौटे। दूसरे विकेट के लिये कमल कन्याल और कप्तान कुनाल चंदेला ने 50 रन जोड़े । कमल कन्याल ने 121 गेंद में 16 चौके की मदद से 119 रन की पारी खेली। दीक्षांशु नेगी ने 26 रन और आलराउंडर मयंक मिश्रा अंतिम समय मे 22 गेंद में 32 रन जोड़कर नाबाद लौटे। उत्तराखंड ने आठ विकेट के नुकसान पर 306 रन बनाए। सिक्किम की टीम 50 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 161 रन ही बना सकी। कमल कन्याल और मयंक मिश्रा के शानदार प्रदर्शन पर दो नहरिया स्थित हल्द्वानी कोल्ट्स क्रिकेट एकेडमी में भी जश्न मनाया गया। कोच मनोज भट्ट, निश्चल जोशी, अनूप जखमोला ने मिठाई बांटी। नया गांव गौलापार में भी कमल कन्याल के माता-पिता को बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। जिला नैनीताल क्रिकेट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष कमल पपनै ने भी कमल-मयंक सहित टीम के सभी सदस्यों को बधाई दी है।