रामनगर। रामनगर में पहली बार कौशिकी क्रिकेट ग्राउंड में प्रतिष्ठित रणजी ट्रॉफी का मैच 25 से 28 अक्तूबर तक खेला जाना है। इसके लिए क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह मैच उत्तराखंड व रेलवे की टीम के बीच खेला जाएगा।
शुक्रवार को मंगलार स्थित कौशिकी क्रिकेट ग्राउंड में हुई पत्रकार वार्ता में क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष दीपक मेहरा ने बताया कि रणजी ट्रॉफी के तीन मैच उत्तराखंड में खेले जाएंगे। पहला मैच रामनगर में 25 से 28 अक्टूबर तक उत्तराखंड और रेलवे की टीमों के बीच खेला जाएगा। 90 ओवर के चार दिवसीय इस मैच में दो पारी खेली जाएंगी। सुबह 9 से शाम 5 बजे के बीच मैच खेला जाएगा। इसके लिए बीसीसीआई की ओर से भेजे गए रेफरी, अंपायर सहित पूरी टीमें आ चुकी हैं। मैदान को रणजी मैच के मानकों के अनुसार तैयार किया गया है। रामनगर में मैच आयोजित होने के बाद अगला मैच देहरादून के राजीव गांधी स्टेडियम में 16 नवंबर को उत्तराखंड और गुजरात और 29 जनवरी को आसाम और गुजरात के बीच खेला जाएगा। संवाद
उत्तराखंड में आईपीएल मैच कराने की तैयारी
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष दीपक मेहरा ने बताया कि उत्तराखंड में रणजी मैच आयोजित होने के बाद आईपीएल मैच कराने की तैयारी की जा रही है। बताया कि 2026 में होने वाले आईपीएल मैच को देहरादून में कराने की तैयारी है। इस दौरान राहुल पंवार, भूपेंद मेहरा, गौतम फर्त्याल, हिमांशु चौहान भी मौजूद थे।