सोमवार को नामांकन की अंतिम तिथि होने के कारण चुनावी समर में प्रत्याशियों का रेला उमड़ेगा। नैनीताल जिले के सात निकायों में मेयर, अध्यक्ष और वार्ड सदस्यों के प्रत्याशियों की घोषणा हो चुकी है।
नैनीताल जिले के सात निकायों में मेयर, अध्यक्ष और वार्ड सदस्यों के प्रत्याशियों की घोषणा हो चुकी है। पर हैरानी की बात है कि अधिकतर प्रत्याशियों ने पर्चा ले लिया है लेकिन नामांकन दाखिल नहीं किया है। ऐसे में सोमवार को नामांकन की अंतिम तिथि होने के कारण चुनावी समर में प्रत्याशियों का रेला उमड़ेगा।
विज्ञापन
आंकड़ों पर गौर करें तो जिले में मेयर और चेयरमैन के लिए रविवार तक 157 नामांकन पत्र बिके हैं जबकि नामांकन केवल 17 प्रत्याशियों ने दाखिल किया है। वहीं सभासद और पार्षद के लिए 740 नामांकन फॉर्म बिके हैं, इसमें भी पर्चा दाखिल करने वाले प्रत्याशियों की संख्या 264 है। हालांकि मेयर और अध्यक्ष के कुछ प्रत्याशियों ने नामांकन के दो से तीन सेट खरीदे हैं। इसके बावजूद सोमवार को नामांकन के आखिरी दिन पार्षद और सभासद के 400 और मेयर, चेयरमैन के 100 से अधिक प्रत्याशियों के नामांकन कराने की संभावना है।
वहीं, सोमवार यानी आज सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक नामांकन होंगे। आज नामांकन प्रपत्र खरीदने वाले प्रत्याशी सोमवार शाम पांच बजे तक पर्चा दाखिल करेंगे। 31 दिसंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। दो जनवरी को शाम चार बजे तक नाम वापसी होगी। तीन जनवरी को सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।