कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे शनिवार को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। खरगे के पहले हल्द्वानी दौरे से कांग्रेस चुनाव का शंखनाद करेगी। पार्टी का दावा है कि नैनीताल और ऊधमसिंह नगर ही नहीं बल्कि यह रैली पूरे कुमाऊं क्षेत्र में एक नए राजनीतिक अध्याय की शुरुआत करेगी।
खरगे के हल्द्वानी दौरे की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रामलीला मैदान में करीबी 20 हजार लोगों के आने की संभावना है। प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने शुक्रवार शाम को रैली स्थल का पदाधिकारियों और शीर्ष नेताओं के साथ दौरा किया। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, विधायक सुमित हृदयेश समेत तमाम नेताओं ने आयोजन स्थल में तैयारियों का निरीक्षण किया। मैदान में जर्मन हैंगर लगाने का काम रात में ही पूरा कर लिया जाएगा।
खरगे को परोसा जाएगा रायता
रामलीला मैदान में आज इन मुद्दों पर सरकार को घेरेगी कांग्रेस-
- रैली में सबसे बड़ा मुद्दा एसआईआर रहेगा।
- भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार का मुद्दा।
- 10 साल में बेरोजगारी, पलायन, शिक्षा और स्वास्थ्य के अलावा परीक्षाओं में पेपर लीक का मुद्दा।
- अयोध्या में राम मंदिर से लेकर उत्तराखंड में बद्रीनाथ, केदारनाथ में भ्रष्टाचार।
- आपदा प्रभावित लोगों का पुर्नवास, उद्योगों में यहां के युवाओं का शीर्ष पदों पर न रखना।
महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने ली बैठक
खरगे की रैली को लेकर स्वराज आश्रम में महिला कांग्रेस ने बैठक की। प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने महिला कांग्रेस की ओर से किए जा रहे कार्यों के बारे में बताया। उन्होंने विधानसभा चुनाव में महिला कांग्रेस की भूमिका पर भी चर्चा की और सुझाव लिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिला हिंसा बढ़ रही है लेकिन सरकार आंकड़े छिपा रही है। जनता अब बदलाव चाहती है। सितंबर में महिला कांग्रेस राज्य के हर जिले में सम्मेलन करेगी। कहा कि जनता इस बार अब भाजपा को वोट से जवाब देगी। उन्होंने सरकार पर धर्म के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। कहा कि बदरीनाथ-केदारनाथ चढ़ावा घोटाले में सरकार के लोग लिप्त हैं। बैठक में महानगर अध्यक्ष मधु सांगुड़ी, उपाध्यक्ष रत्ना श्रीवास्वत, मंजु पांडे, शोभा बिष्ट, रेनू तोमर, देवकी आर्या, हेमंत बगडवाल आदि मौजूद रहे।
नवनियुक्त कांग्रेस पदाधिकारियों का स्वागत किया
राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे की रैली के लिए पहुंची रौतेला संवाद न्यूज एजेंसी से बातचीत कर रही थी। उन्होंने सरकार पर धर्म के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। कहा कि बदरीनाथ-केदारनाथ चढ़ावा घोटाले में सरकार के लोग लिप्त हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिला हिंसा बढ़ रही है, लेकिन सरकार आंकड़े छिपा रही है। रौतेला ने कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सितंबर में महिला कांग्रेस राज्य के हर जिले में सम्मेलन करेगी। कहा कि जनता इस बार अब भाजपा को वोट से जवाब देगी।
रामलीला मैदान में चार गेटों से होगी एंट्री, खरगे मुख्य गेट से प्रवेश करेंगे
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के शहर में प्रस्तावित रैली के लिए पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली है। डायवर्जन प्लान जारी करने के साथ ही रैली स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। रामलीला मैदान में प्रवेश के लिए चार गेट बनाए गए हैं। इनमें से मुख्य गेट से केवल राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे के काफिले को प्रवेश दिया जाएगा। नेता और कार्यकर्ता अन्य गेटों से प्रवेश करेंगे। पुलिस की ओर से देर शाम कार्यक्रम स्थल पर तैनात फोर्स के बाबत जानकारी साझा की गई है। तीन राजपत्रित अधिकारियों के साथ ही चार इंस्पेक्टर, 65 एसआई और एएसआई समेत 300 कर्मचारी और दो प्लाटून पीएसी तैनात की गई है।
आज रूट प्लान देखकर ही घर से निकलें-
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे की प्रस्तावित रैली और जनसभा के मद्देनजर पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है।
1. रामपुर रोड से जनसभा स्थल की ओर जाने वाले वाहन एचएन इंटर काॅलेज के मैदान में खड़े किए जाएंगे।
2. बरेली रोड की ओर से आने वाले वाहनों को लक्ष्मी शिशु मंदिर परिसर मंगलपड़ाव में खड़ा कराया जाएगा।
3. खटीमा, सितारगंज क्षेत्र से आने वाले वाहन गौलापार के आरटीओ फिटनेस सेंटर के सामने सड़क किनारे बायीं ओर पार्क होंगे।
4. पर्वतीय क्षेत्र से आने वाले वाहनों को ठंडी सड़क (नहर कवरिंग) और खालसा इंटर कॉलेज के मैदान में खड़ा किया जाएगा।
5. कालाढूंगी और रामनगर से आने वाले वाहनों को जेल रोड तिराहा से पर्वतीय उत्थान मंच और लगन गार्डन में खड़ा कराया जाएगा।
कांग्रेस की रैली की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ड्यूटी में लगे पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को किसी भी लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। -मनोज कत्याल, एसपी सिटी