नैनीताल। ऑपरेशन कालनेमि के तहत नैनीताल पुलिस ने ठंडी सड़क से एक फर्जी बाबा को गिरफ्तार किया है। पुलिस कस्टडी में बाबा से पूछताछ की जा रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से प्रदेशभर में चलाए जा रहे ऑपरेशन कालनेमि के तहत एसएसपी पीएन मीणा के निर्देश पर पुलिस की ओर से फर्जी बाबाओं के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को एसआई सतीश उपाध्याय पुलिस टीम के साथ ठंडी सड़क पर गश्त कर रहे थे। ठंडी संडक पर मंदिर के समीप उनकी नजर एक बाबा पर पड़ी। पुलिस को देख बाबा घबराने लगा तो उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में पता चला कि बाबा बनकर घूम रहे व्यक्ति का नाम लल्लू है जो मंगलवार, शनिवार या त्योहारों पर बाबा बनकर नैनीताल में मांगने के लिए आता है। एसओ रमेश बोरा ने बताया कि 65 वर्षीय लल्लू मूलरूप से लखीमपुर यूपी का रहने वाला है और वर्तमान में गफूर बस्ती हल्द्वानी में रहता है। व्यक्ति के खिलाफ बीएनएस की धारा 172 (2) के तहत कार्रवाई करते हुए हिरासत में लिया गया है। संवाद