नैनीताल। शहर में सोमवार को लव जिहाद के शक में हंगामा हुआ। हिंदूवादी कार्यकर्ताओं ने एक युवक-युवती को संदिग्ध मानकर कोतवाली पहुंचाया। पुलिस पूछताछ में दोनों बालिग और आपसी सहमति से रिश्ते में पाए गए। इसके बाद पुलिस ने युवक को उसके परिजनों को सौंप दिया और मामला शांत हो गया।
जानकारी के अनुसार, मल्लीताल रिक्शा स्टैंड के समीप कुछ कार्यकर्ताओं ने एक युवक-युवती को संदिग्ध पाया। पूछताछ में युवक बलभूलपुरा निवासी मुस्लिम और युवती मध्य प्रदेश के जबलपुर की रहने वाली निकली। पूछताछ में युवक और युवती ने खुद को बालिग बताते हुए अपनी मर्जी से रिश्ते में होने की बात कही। युवती ने बताया कि वह हल्द्वानी में पढ़ाई के दौरान युवक के संपर्क में आई थी और पिछले डेढ़ वर्ष से दोनों एक-दूसरे को जानते हैं। कोतवाल हेम चंद्र पंत ने बताया कि दोनों के परिजनों से फोन पर बात कर युवक के परिजनों को बुलाकर बातचीत की। इसके बाद युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।