हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में फीस जमा करने से छूट हुए छात्रों के लिए समर्थ पोर्टल खोलने की मांग फिर उठने लगी है। बुधवार को इस मुद्दे पर छात्रनेताओं और कॉलेज प्रशासन के बीच आईक्यूएसी विभाग के कक्ष में नोकझोंक हो गई। इसके बाद छात्रनेता कार्यालय पहुंचे और कई छात्रों की फीस जमा न होने का हवाला देकर समर्थ पोर्टल खोलने की मांग करने लगे। चीफ प्रॉक्टर कविता बिष्ट के समझाने पर तकरार बढ़ गई। इसी बीच कुछ छात्र विवाद का वीडियो बनाने लगे। कर्मियों के वीडियो बनाने से मना करने पर मामला गरमा गया। प्राचार्य के डांटने पर छात्रनेता कमरे से निकल गए।
प्रवेश प्रभारी डॉ. नवल लोहनी ने कहा कि कॉलेज में 5014 छात्रों ने यूजी की कक्षा में प्रवेश लिया है। 250 छात्रों की फीस जमा नहीं है, उन सभी को व्यक्तिगत रूप से ईमेल भेजा गया। 10 से 15 छात्र रोजाना यह समस्या लेकर आ रहे हैं। पोर्टल को अपडेट कर फीस जमा कर रहे हैं। प्राचार्य डॉ. एनएस बनकोटी ने कहा कि छात्रों की सुविधा के लिए दो बार पोर्टल खोला जा चुका है। तीसरी बार यह नहीं किया जाएगा। छात्रों की समस्याओं से विश्वविद्यालय से अवगत कराया जा रहा है। संवाद