रामनगर (नैनीताल)। कॉर्बेट नेशनल पार्क आए पर्यटको को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। बुकिंग के बावजूद सैलानियों को कॉर्बेट पार्क में प्रवेश से रोका जा रहा था। इस पर पर्यटकों ने धनगढ़ी गेट पर हंगामा कर दिया। हंगामे के दौरान कैंटर सफारी रुकी रही। इस पर कॉर्बेट पार्क प्रशासन ने दो अतिरिक्त कैंटर ढिकाला भेजे।
गुजरात के 48 पर्यटकों की कैंटर सफारी की बुकिंग थी। जब पर्यटक धनगढ़ी गेट पर पहुंचे तो उन्हें प्रवेश से रोक दिया गया। कॉर्बेट पार्क प्रशासन की इस कार्रवाई से पर्यटक भड़क गए और हंगामा कर दिया। बताया गया कि यहां सुबह शाम चार-चार कैंटर जाते हैं। प्रत्येक कैंटर में 16 सैलानी बैठाए जाते हैं। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की आधिकारिक वेबसाइट पर कैंटर सफारी के लिए क्षमता से अधिक बुकिंग हो गईं थी जिस वजह से करीब 48 सैलानियों को कैंटर सफारी से रोकना पड़ा।
पर्यटकों का कहना था कि कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की गलती का खामियाजा हम क्यों भुगतें। बहरहाल, सैलानियों के तेवर देख कॉर्बेट टाइगर रिजर्व ने अतिरिक्त कैंटर सफारी की व्यवस्था की और सैलानियों को पार्क में भेजा।
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डाॅ. धीरज पांडेय ने बताया कि वेबसाइट में हुई तकनीकी खामी के चलते यह समस्या उत्पन्न हुई। अतिरिक्त कैंटर भेजकर पर्यटकों को जंगल सफारी कराई गई। वेबसाइट में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।