हल्द्वानी। बनभूलपुरा में बिजली चोरी पकड़ने के बाद स्मार्ट मीटर लगाने की तैयारी चल रही है। यूपीसीएल के मुख्य अभियंता के निर्देश के बाद जल्द टीमें अभियान चलाकर मीटर लगाएंगी।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, बनभूलपुरा क्षेत्र में अभी 30 फीसदी स्मार्ट मीटर लगने शेष हैं। वहीं ऊर्जा निगम कनेक्शन जोड़ने से पहले लोगों से लिखित में कनेक्शन काटने का कारण देने को कह रहा है। पिछले दिनों में कालाढूंगी रोड और 13 बीघा बिजलीघर से जुड़े गांधीनगर, स्टेशन रोड, आजादनगर और नई बस्ती फीडर की जांच में यूपीसीएल ने बड़ी मात्रा में बिजली चोरी पकड़ी थी। इसके बाद सुबह औचक निरीक्षण कर दुकान और घरों में बिजली चोरी पकड़ी। कुल 120 लोगों को चिह्नित कर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
बनभूलपुरा क्षेत्र में पहले अभियान चलाकर स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं। जल्द पुन: बिजली वितरण व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए पुन: टीम क्षेत्र में जाकर मीटर लगाएगी। - प्रदीप कुमार, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल
चार फीडरों की तय समय से ज्यादा कटी बिजली
हल्द्वानी। शहर में त्योहार के मौके पर बिजली गुल होने से व्यापारियों के साथ ही ग्राहक भी परेशान रहे। यूपीसीएल के टाउन डिविजन के शटडाउन शेड्यूल के तहत रामपुर रोड, नैनीताल रोड, स्टेशन रोड और गांधीनगर फीडर की बिजली ठप रही। कालाढूंगी रोड बिजलीघर में कार्य कराने के साथ ही लाइनों की लॉपिंग-चॉपिंग के लिए बृहस्पतिवार को सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक बिजली ठप होने से 35 से 40 हजार की आबादी प्रभावित रही। इससे उन इलाकों में लोग ज्यादा परेशान रहे जहां इंवर्टर आदि के प्रबंध नहीं थे। यहां सुबह 10 बजे से अपराह्न चार बजे तक बिजली काटी गई, जो शेड्यूल के तय समय से अधिक रहा।