हल्द्वानी। सीएम पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में खनन विभाग ने सुशासन, पारदर्शिता और राजस्व वृद्धि के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। विभाग की नीति और कार्यप्रणाली ने न केवल राज्य की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ किया है बल्कि आम जनता तक सीधे लाभ पहुंचाने का मार्ग भी प्रशस्त किया है। यह बात सोमवार को उत्तराखंड राज्य स्तरीय जलागम परिषद के उपाध्यक्ष शंकर कोरंगा ने अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही। कोरंगा ने कहा कि प्रदेशवासियों को सस्ती दरों पर निर्माण सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। खनन विभाग की कार्यप्रणाली में सुधार और कड़े प्रवर्तन से राजस्व वसूली में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। वर्ष 2012–13 में विभाग का राजस्व मात्र 109.90 करोड़ रुपये था जो वर्ष 2024–25 में बढ़कर 1040.57 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।