कालाढूंगी (नैनीताल)। चकलुवा में तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने एक अधेड़ और पांच वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में सड़क किनारे खड़ा बाइक सवार घायल हो गया। घायल का हल्द्वानी के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे में टक्कर मारने वाला कार चालक भी घायल हुआ है।
थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महंत ने बताया कि हल्द्वानी देवलचौड़ निवासी व्यक्ति कार से हल्द्वानी से कालाढूंगी की ओर आ रहे थे। तभी चकलुवा मुख्य तिराहे पर उनकी कार अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे खड़े ललित पंत निवासी चकलुवा और तीन बाइक, एक कार को टक्कर मार दी। बेकाबू वाहन अंत में कोटाबाग ब्लॉक प्रमुख रवि कन्याल की कार से टकराकर रुक गया। संयोग से ब्लॉक प्रमुख कार में सवार नहीं थे। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पूछताछ में आरोपित वाहन चालक ने कार का स्टेयरिंग लॉक होने की वजह से हादसा होने की बात कही है। संवाद