बीती 10 मार्च को यहां से भगाई गई किशोरी के मामले में नया मोड़ आ गया है। मेडिकल रिपोर्ट में किशोरी से रेप की पुष्टि हुई है। वहीं कोर्ट में पेश करने के बाद अदालत ने आरोपी युवक और उसके फूफा और फूफी को जेल भेज दिया है।
शनिवार को पुलिस ने आरोपी शादाब (22) पुत्र पुत्तन खां निवासी चार्टन लाज, गफूर बस्ती हल्द्वानी निवासी उसके फूफा सरताज और फूफी तारा-बी को गिरफ्तार कर उनके पास से किशोरी को बरामद किया था। आरोपियों के खिलाफ पाक्सो, 363, 365, 366, 342 व 120बी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इधर, मेडिकल जांच में किशोरी के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। रविवार को एसआई जगदीश राम ने पुलिस के साथ आरोपियों को हल्द्वानी में मजिस्ट्रेट ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट राहुल श्रीवास्तव के समक्ष पेश किया। वहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पीड़िता की विमर्श संस्था के माध्यम से काउंसलिंग की जा रही है। एसएसपी अबुदई सेंथिल ने किशोरी को बरामद करने वाली टीम को ढाई हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की।