नैनीताल। उत्तराखंड लैंडस्लाइड मिटिगेशन एंड मैनेजमेंट सेंटर (यूएलएमएमसी) ने तल्लीताल स्थित सिपाहीधारा-वीरभट्टी मार्ग के ऊपर संवेदनशील चट्टान की सुरक्षा पर अपनी रिपोर्ट सिंचाई विभाग को सौंप दी है। रिपोर्ट में तात्कालिक और दीर्घकालिक सुरक्षा उपायों का उल्लेख है। यह कदम पांच मई को हुए एक हादसे के बाद उठाया गया है। पांच मई को चट्टान से एक विशाल बोल्डर गिरा था जिससे दो दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए थे। गनीमत रही कि आवासीय क्षेत्र को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। स्थानीय जनता अब आवासीय क्षेत्र की सुरक्षा और वैकल्पिक मार्ग की मांग कर रही है। यूएलएमएमसी की टीम ने बीते दिनों चट्टान का विस्तृत सर्वे किया था। सिंचाई विभाग के एई ललित मोहन कश्यप ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर प्रभावी सुरक्षा की पहल की जाएगी।