हल्द्वानी। नुमाइश के विरोध में उत्तराखंड क्रांति दल का धरना प्रदर्शन बुधवार को भी जारी रहा। वक्ताओं ने कहा कि इंटर काॅलेज के खेल मैदान में लगने वाली नुमाइश से आम लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसके बाद भी यहां हर साल लोगों के विरोध के बावजूद नुमाइश की अनुमति दी जाती है। पार्षद रवि वाल्मीकि के नेतृत्व में आयोजित धरने में बैठे लोगों का कहना था कि एमबी इंटर काॅलेज के खेल मैदान को कमाई का अड्डा बना दिया गया है। जिस मैदान में नुमाइश लगती है, उसके आसपास दो बड़े अस्पताल मौजूद हैं नुमाइश के दौरान होने वाले शोर से मरीज और तीमारदार परेशान रहते हैं। तय किया गया कि जब तक नुमाइश बंद नहीं होगी तब तक आंदोलन जारी रहेगा। वहां पार्टी के केंद्रीय महामंत्री सुशील उनियाल, नगर अध्यक्ष हरीश जोशी, रितेश संभल, हेमा सती, पूजा सती, प्रेम बोरा आदि थे। माई सिटी रिपोर्टर