लालकुआं और रामनगर की मतगणना सबसे पहले होगी पूरी
एमबीपीजी कॉलेज में मतगणना का कार्य आज सुबह आठ बजे से शुरू हो जाएगा। जिला निर्वाचन आयोग से जुड़े अधिकारियों की मानें तो सुबह साढ़े आठ बजे तक पहले राउंड के मतों की गिनती पूरी हो जाएगी। लालकुआं और रामनगर विधानसभा क्षेत्र के मतों की गिनती सबसे पहले पूरी हो जाएगी। बताया कि लालकुआं और रामनगर में कुल 11-11 राउंड की मतगणना होगी। नैनीताल व भीमताल में 12-12 राउंड, हल्द्वानी में 14 राउंड और कालाढूंगी में 16 राउंड की मतगणना होगी। कालाढूंगी और हल्द्वानी विधानसभा का परिणाम सबसे देर में आएगा।
दोपहर दो बजे मतगणना पूरी करने का दावा
उप जिला निर्वाचन अधिकारी फिंचा राम चौहान का दावा है कि सुबह आठ बजे से शुरू होने वाली मतगणना का काम दोपहर दो बजे तक पूरा करा लिया जाएगा। एमबीपीजी कॉलेज के कंट्रोल रूम से विधानसभावार मतगणना का डाटा ऊधमसिंह नगर भेजा जाएगा और अंतिम परिणाम ऊधमसिंह नगर से जारी होंगे। चौहान ने बताया कि रामनगर विधानसभा सीट के मतों की गणना एमबीपीजी कॉलेज में होगी जबकि रामनगर के पोस्टल बैलेट की गणना पौड़ी में होगी।
मतगणना स्थल तक मोबाइल ले जाने पर प्रतिबंध
उप जिला निर्वाचन अधिकारी फिंचा राम चौहान ने बताया कि मतगणना स्थल पर मोबाइल फोन प्रतिबंधित रहेगा। चुनाव ड्यूटी में लगाए गए अधिकारियों व कार्मिकों को मतगणना स्थल तक पहुंचने से पहले ही अपने मोबाइल जमा कराने होंगे। केवल ऑब्जर्वर और एआरओ को ही मोबाइल ले जाने की अनुमति होगी।
प्रेक्षकों की मौजूदगी में कार्मिकों को दिया अंतिम प्रशिक्षण
कार्मिकों को सोमवार को मेडिकल कॉलेज सभागार में अंतिम प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त प्रेक्षक गगनदीप सिंह बरार, राजू मोगाविरा व महेश विश्वास ने कार्मिकों का आह्वान किया कि वह टीम वर्क की तरह मतगणना के कार्य को अंजाम दें। इस दौरान मास्टर ट्रेनरों ने मतगणना को लेकर कार्मिकों की शंकाओं का भी समाधान किया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी पीआर चौहान ने ईवीएम व वीवीपैट के संचालन के लिए आयोग के मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। माई सिटी रिपोर्टर
नौ स्क्रीनों से रखेंगे पूरी प्रक्रिया पर नजर
मतगणना पर नजर रखने के लिए निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त प्रेक्षक मतगणना स्थल का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वह एमबीपीजी कॉलेज में स्थित एमसीएमसी कक्ष में बैठकर वहां लगाई गई नौ स्क्रीनों से मतगणना के प्रत्येक कक्ष पर नजर रखेंगे।
पहचान के लिए अलग अलग रंगों के परिचय पत्र और टी शर्ट
मतगणना ड्यूटी में तैनात कार्मिकों के लिए अलग अलग रंगों के परिचय पत्र जारी किए गए हैं। यही नहीं ईवीएम मशीनों को मतगणना कक्ष तक लाने ले जाने वाले कार्मिक भी मंगलवार को अलग-अलग कलर की टी शर्ट पहने नजर आएंगे। नोडल अधिकारी/नगर आयुक्त विशाल मिश्रा मतगणना सुपरवाईजर को पीले रंग का परिचय पत्र, मतगणना सहायक को गुलाबी, माइक्रोआब्जर्वर को हल्के हरे रंग का परिचय पत्र दिया है।