हल्द्वानी। कुमाऊं फुटबाल प्रीमियर लीग के फाइनल में रविवार को ऊधम सिंह नगर ने चंपावत की टीम को पराजित कर ट्राॅफी पर कब्जा जमाया। बेस्ट प्लेयर ऑफ टूर्नामेंट अशोक कालाकोटी और बेस्ट गोलकीपर अभय कुमार को चुना गया।
बिठौरिया यूनाइटेड क्लब के आयोजन में मिनी स्टेडियम में लीग का फाइनल मुकाबला खेला गया। दोनों टीमों के बीच संघर्षपूर्ण मुकाबला हुआ लेकिन अंत तक दोनों ही टीमें गोल नहीं कर सकी। मैच के निर्णय के लिए टाई ब्रेकर का सहारा लिया गया। इसमें ऊधम सिंह नगर ने सभी पेनल्टी को गोल में तब्दील किया जबकि चंपावत की टीम को एक पेनल्टी चूकने से हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद अजय भट्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट ने किया। पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने विजेता व उपविजेता टीम को पुरस्कृत किया। आयोजक मंडल के वीरू कालाकोटी ने बताया कि लीग में अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल, पिथौरागढ़ और ऊधम सिंह नगर ने प्रतिभाग किया। रेफरी बबलू फर्सवाण, त्रिभुवन नितवाल, दिनेश कुमार, निखिल बिष्ट, तालिब खान व भोपाल सिंह रहे और कमेंट्री नवीन पांडे, मनोज पाठक ने की। इस मौके पर जिला क्रीड़ाधिकारी निर्मला पंत, उप जिला क्रीड़ाधिकारी वरुण बेलवाल, पूर्व विधायक नारायण पाल, गोपाल पाल, ओजस्व पाल, अतुल पाल आदि मौजूद रहे।