भूटान ओलंपिक ऑफ ड्रैगन रेस में भाग लेने के लिए कुमाऊं के दो युवक मंगलवार को रवाना होंगे। भूटान में 268 किमी की साइकिल रेस तीन सितंबर को होगी। इस रेस में देश से पहली बार कुमाऊं के युवक भाग लेंगे।
टीम कुमोनी के सदस्य विकास किरौला ने पत्रकारों को बताया कि भूटान के राजा आठ साल से साइकिल रेस को करा रहे हैं। इस प्रतियोगिता में भारत की तरफ से टीम कुमोनी के सदस्य रुद्रपुर निवासी राहुल शाह और डहरिया निवासी विकास दुर्गापाल भाग लेेने के लिए मंगलवार को रवाना होंगे।
दोनों युवक पहाड़ पर साइकिल चलाने के लिए एक माह से अभ्यास कर रहे हैं। 268 किमी की साइकिल रेस में चार पहाड़ियों को पार करना होगा। तीन सितंबर की रात दो बजे रेस शुरू होने के बाद दूसरे दिन शाम छह बजे समाप्त होगी।
प्रतियोगिता में दुनिया के कई देशों के साइकिल रेसर्स भाग ले रहे हैं। पिछले साल डीएम नैनीताल ने भी इस प्रकार की साइकिल रेस करायी थी। इस रेस में विकास दूसरे नंबर पर आए थे। भूटान में इस रेस को जीतने पर डेढ़ लाख का इनाम मिलेगा।
रेस में भाग लेने के लिए 11 हजार 84 रुपये फीस निर्धारित है। टीम कुमोनी ने दोनों युवकों को 51 हजार की प्रोत्साहन राशि दी है। इस मौके पर कुमोनी टीम के आशुतोष कुंवर, देवेंद्र दिगारी, राजदीप सिंह, राजबीर सिंह, विक्रम सिंह, देवेंद्र कुमार, आशीष अग्रवाल आदि मौजूद रहे।