रामनगर (नैनीताल)। थाना क्षेत्र के भवानीपुर गैबुआ में मंगलवार को करंट लगने से महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी घटना में बाइक की टक्कर से ग्राम सावल्दे पूर्वी निवासी वृद्धा ने रामनगर अस्पताल में दम तोड़ दिया।
भवानीपुर गैबुआ निवासी अनिल मौर्य ने बताया कि उसकी मां भाग्यवती (45) पत्नी बलजीत सिंह मौर्य सुबह आंगन में सफाई कर रही थी। इसी समय पंखे के खुले तारों की चपेट में आ गई और करंट लगने से बेहोश हो गई। इसके बाद उसकी मां को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसने दम तोड़ दिया।
दूसरी घटना में ग्राम सावल्दे पूर्वी निवासी देवकी देवी (72) पत्नी स्व. त्रिलोक मंगलवार सुबह सेमलखलिया पोस्ट ऑफिस से लौट रही थीं। इसी समय बुजुर्ग महिला को सेमलखलिया पुल के पास बाइक सवार युवक ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल वृद्धा और युवक को लोग अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां बुजुर्ग महिला ने दम तोड़ दिया। घायल युवक को भर्ती कर लिया गया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस का कहना है कि वृद्धा के परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।