नैनीताल। नैनीताल आने वाले सैलानियों की भीड़ में कोरोना संक्रमित भी शामिल हैं। इस बात का खुलासा बृहस्पतिवार को प्रशासन की ओर से कराई जा रही रैंडम कोरोना जांच में तब हुआ जब हरियाणा से मौज मस्ती के लिए पहुंचे एक ही परिवार के दो सदस्य कोरोना संक्रमित पाए गए। इससे शहर में कोरोना संक्रमण बढ़ने का खतरा फिर से शुरू हो गया है, हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने इन सैलानियों को नैनीताल से वापस भेज दिया है।
जिला प्रशासन के निर्देश पर बीडी पांडे अस्पताल की टीमें रोजाना शहर में अलग अलग जगहों में शिविर लगाकर पर्यटकों, स्थानीय लोगों व व्यापारियों की कोरोना जांच कर रही हैं। बृहस्पतिवार को अस्पताल की टीम ने तल्लीताल चौराहे में शिविर लगाकर 23 पर्यटकों की रैंडम कोरोना जांच की। इनमें पलवल हरियाणा निवासी तीन पर्यटकों में से दो कोरोना संक्रमित पाए गए। बीडी पांडे अस्पताल के पीएमएस केएस डॉ. केएस धामी ने बताया कि दोनों पर्यटकों में कोरोना की पुष्टि होने के बाद अस्पताल लाया गया और कागजी कार्यवाही के बाद उन्हें वापस भेज दिया गया है। संक्रमितों में 26 वर्षीय महिला और 39 वर्षीय पुरुष शामिल हैं। उन्होंने बताया कि कई पर्यटक बिना जांच के नैनीताल पहुंच रहे हैं। होटल में ठहराने से पहले भी होटल कर्मी पर्यटकों को जांच के लिए अस्पताल भेज रहे हैं।