फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Nainital News: कॉलेज गेट पर 12वीं के छात्र समेत दो किशोरों को चाकू मारा, सरेआम चाकू लहराता रहा आरोपी

विज्ञापन
विज्ञापन
हल्द्वानी। नैनीताल रोड से लगी ठंडी सड़क पर श्री गुरु तेग बहादुर इंटर कॉलेज गेट के पास शुक्रवार सुबह किशोरों के दो गुटों में भिड़ंत हो गई। इसी दौरान कक्षा 12 के छात्र समेत दो किशोरों पर बाइक से आए किशोरों ने चाकू से हमला कर दिया। लहूलुहान छात्र जान बचाने के लिए नैनीताल रोड की ओर दौड़ा लेकिन बेहोश होकर गिर गया।
विज्ञापन

भोटिया पड़ाव चौकी से तकरीबन दो सौ मीटर की दूरी हुई मारपीट के दौरान हमलावर किशोर सरेआम चाकू लहराता रहा। इससे वहां अफरातफरी मच गई। पुलिस ने घायल किशोरों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है जबकि उसके साथी की हालत में सुधार है। छात्र की मां की तहरीर पर तीन किशोरों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उधर, कॉलेज के चौकीदार की तहरीर पर अज्ञात लड़कों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
काठगोदाम थाना क्षेत्र निवासी आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता का 17 वर्षीय पुत्र भोटिया पड़ाव में ठंडी सड़क स्थित श्री गुरु तेग बहादुर इंटर कॉलेज में 12वीं कक्षा का छात्र है। बृहस्पतिवार को प्री-बोर्ड की परीक्षाएं खत्म हुई थीं। शुक्रवार को अवकाश था। आप कार्यकर्ता का बेटा शुक्रवार सुबह दस बजे कॉलेज के गेट पर खड़ा था। उसके साथ उसका साथी भी था। पुलिस के अनुसार इसी बीच वहां बाइक सवार दो किशोर पहुंचे। तभी अचानक 10-12 लड़कों का हुजूम भी पहुंच गया और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। बाइक से आए किशोर ने चाकू निकालकर लड़कों के हुजूम पर हमला कर दिया। आप कार्यकर्ता के बेटे की जांघ पर चाकू लगा जिससे वह लहूलुहान हो गया। उसका साथी भी हाथ पर चाकू लगने से घायल हो गया। लहूलुहान छात्र जान बचाने के लिए भागा। वह बमुश्किल 20 मीटर तक ही दौड़ पाया और बेहोश होकर गिर गया। इस दौरान हमलावर किशोर चाकू लहराकर दूसरे किशोरों को डराते-धमकाते रहे और फिर फरार हो गए।
विज्ञापन

सूचना पर पहुंचे कोतवाल हरेंद्र चौधरी घायलों को भोटिया पड़ाव स्थित निजी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर देख उसे नैनीताल रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जबकि उसके साथी को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी सिटी हरबंस सिंह, सीओ नैनीताल विभा दीक्षित भी अस्पताल पहुंचे और घायल के साथियों व अन्य लोगों से पूछताछ की।
एसएसपी पंकज भट्ट का कहना है कि मामले में हमलावरों और 15-20 अज्ञात लड़कों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर चिह्नीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। तीन लड़कों को पकड़ लिया गया है, पूछताछ के बाद उन्हें जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया जाएगा। शहर में माहौल बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
चार घंटे के भीतर तीन आरोपी पकड़े गए
एसएसपी पंकज भट्ट ने पुलिस और एसओजी की चार टीमें बनाकर हमलावरों की तलाश शुरू कराई और करीब चार घंटे के अंदर ही दोनों बाइक सवार किशोर और उनके एक साथी को पकड़ लिया गया। देर शाम तक पुलिस उनसे पूछताछ में जुटी रही। घायल छात्र की मां की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने तीन नाबालिगों के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। साथ ही कॉलेज के चौकीदार की ओर से दी गई तहरीर पर भी पुलिस ने 15-20 अज्ञात लड़कों के खिलाफ धारा 147, 148 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुलह के लिए बुलाए, हो गया खूनखराबा
पुलिस के अनुसार एक महीने पहले किशोरों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उसके बाद एक दिन पहले ही एक विवाह समारोह में कहासुनी हुई थी। इस मामले में किशोरों के अन्य दोस्तों ने सुलह के लिए आरोपी किशोरों को बिंदुखत्ता और हल्दूचौड़ से हल्द्वानी बुलाया था। यहां पहुंचते ही अज्ञात लड़कों ने उन पर हमला कर दिया। इसके बाद उन्होंने भी चाकू निकालकर वहां मौजूद दूसरी टोली के किशोरों पर हमला कर दिया। इसी दौरान वहां मौजूद छात्र को भी चाकू मार दिया गया।
हमले के बाद हमलावर ने फोन पर धमकाया
छात्र को लहूलुहान करने के बाद हमलावर फरार तो हो गए लेकिन उसके बाद भी दबंगई से बाज नहीं आए। न घटना के समय पुलिस का डर और न उसके बाद था। अस्पताल में मौजूद लहूलुहान छात्र के घायल साथी के पास हमलावर का फोन पहुंचा, उसने जान से मारने की धमकी दी। जानकारी मिलते ही पुलिस ने नंबर ट्रेस कर लिया।
चौकी से कुछ ही दूरी पर हुई वारदात
भोटिया पड़ाव चौकी से तकरीबन दो सौ मीटर की दूरी पर ही लड़कों ने छात्र पर जानलेवा हमले की वारदात को अंजाम दिया। इससे पुलिस की सक्रियता और गश्त पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं दिनदहाड़े इस तरह के विवाद करने वाले लोग पुलिस से बेखौफ होते दिखाई दे रहे हैं।
बाइक हुई बंद, हमलावरों ने लगाया धक्का
बाइक से पहुंचे दोनों किशोरों ने जब बाइक घटनास्थल पर रोकी तो लड़कों से मारपीट के दौरान उनकी बाइक गिर गई। छात्र को लहूलुहान करने के बाद जब हमलावर वहां से जाने के लिए बाइक उठाने लगे तो उनकी बाइक स्टार्ट नहीं हुई। इस पर दोनों कुछ दूर तक बाइक को धक्का लगाकर दौड़े। आगे जाकर बाइक स्टार्ट हुई तब फरार हुए।
हर तरफ खून, डर का माहौल
घटनास्थल पर कॉलेज गेट से लेकर नैनीताल रोड तक सड़क पर खून ही खून फैला था। रास्ते से आनेजाने वाले रुकने पर मजबूर थे। वहीं स्थानीय लोगों में डर का माहौल पैदा हो गया। दिनदहाड़े एक छात्र के साथ हुई इस तरह की घटना से शहर में सनसनी फैल गई।
विशेषज्ञों की राय
मोबाइल की वजह से हिंसक हो रहे बच्चे : डॉ. बिष्ट
हल्द्वानी। शिक्षाविद् डॉ. बहादुर सिंह बिष्ट ने बताया कि बच्चों के पास कम उम्र में ही मोबाइल पहुंच रहा है। मोबाइल में बच्चे वह सब देख रहे हैं जो उन्हें नहीं देखना चाहिए। कम उम्र में हिंसक स्वभाव होने का बड़ा कारण मोबाइल है। मोबाइल क्रांति इतनी व्यापक हो गई है कि अब मोबाइल को बच्चों की पहुंच से दूर रखना असंभव सा हो गया है।
बार्डर लाइन डिसआर्डर से ग्रसित बच्चों का होता है आपराधिक व्यवहार : डॉ. पंत
हल्द्वानी। मनोविज्ञानी डॉ. युवराज पंत का कहना है कि जिन बच्चों या किशोरों का व्यवहार हिंसक होता है, उनमें बार्डर लाइन डिसआर्डर नामक बीमारी होती है। ये एक पर्सनालिटी डिसऑर्डर है। साथ ही जो बच्चे हाइपोमेनिया से ग्रसित होते हैं या फिर कम उम्र में ही नशे के आदी हो जाते हैं, उनमें भी ये बीमारी होती है। अगर अभिभावकों को अपने बच्चों में हिंसक व्यवहार दिखे तो तुरंत डॉक्टरों की मदद लें।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें