शहर के एक नामचीन स्कूल में दो शिक्षकों की हरकतों से शनिवार को बखेड़ा हो गया। महिला शिक्षक ने दोनों पर अभद्रता के आरोप लगाए तो छात्र-छात्राओं ने कक्षा का बहिष्कार कर दिया। इससे स्कूल में खलबली मच गई। मामले के तूल पकड़ने पर एडीएम प्रशासन पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए।
स्कूल प्रबंधन ने आरोपों को गंभीर मानते हुए दोनों शिक्षकों को स्कूल से निकाले जाने का फरमान सुना दिया। मामला कमलुआगांजा स्थित गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल का है। यहां रसायन विज्ञान की शिक्षक अमृता मिश्रा का आरोप था कि वह दो अध्यापकों की ओर से की जाने वाली अभद्रता से काफी परेशान है।
एक अध्यापक उसके साथ गलत व्यवहार करता है। वह कई अन्य महिला शिक्षकों को भी बुरा-भला कहता रहता है। आरोप है कि इस अध्यापक के समर्थन में आए एक और अध्यापक ने महिला शिक्षक को अगवा करने की धमकी दी थी। इस मामले में शिकायत करने पर स्कूल प्रबंधन ने कोई कदम नहीं उठाया।
आरोप है कि शनिवार को फिर अभद्रता हुई तो महिला शिक्षक ने शोर मचा दिया। इससे स्कूल परिसर में हंगामा हो गया। इसके बाद कक्षाओं से छात्र- छात्राएं निकलकर आ गए। वे भी कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ हंगामा करने लगे। हंगामे की सूचना पर कुछ अभिभावक भी पहुंच गए।
कुछ देर बाद एडीएम प्रशासन हरबीर सिंह मुखानी थाने की फोर्स के साथ स्कूल पहुंचे। महिला शिक्षक ने एडीएम को बताया कि अध्यापक शिक्षिकाओं के अलावा छात्राओं से भी अश्लील बातें करता है। हालांकि प्रधानाचार्य जेपी सिंह ने कहा कि किसी छात्रा ने अध्यापक के खिलाफ शिकायत नहीं की है।
फिर भी दोनों आरोपी शिक्षकों को स्कूल से निकाला जा रहा है। एडीएम ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कर दिया। अमृता मिश्रा के अनुसार बुधवार को स्कूल प्रशासन ने इंटर के छात्रों की परीक्षा का पेपर बिना सूचना दिए बदल दिया था। इस पर भी प्रबंधन ने उसकी नहीं सुनी थी।
अमृता मिश्रा को शिकायत करनी चाहिए थी। उन्होंने परीक्षाओं के लिए केमिस्ट्री का जो प्रश्नपत्र बनाया था, उसमें कुछ सवाल बढ़ाकर परिवर्तन किए गए तो शिक्षिका ने एतराज जता दिया। शिक्षिका की और से तैयार किए गए प्रश्नपत्र में बदलाव करने का अधिकार स्कूल प्रशासन को है ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी से बचा जा सके। जिन दो शिक्षकों पर अभद्रता के आरोप लगाए गए हैं उन्हें प्रबंधन ने तत्काल प्रभाव से हटा दिया है।
बीवी नैनवाल, प्रबंध निदेशक, गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल
किसी छात्रा के साथ छेड़छाड़ की पुष्टि नहीं हुई है। स्कूल के शिक्षकों के बीच आपसी मन मुटाव का मामला था। दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद स्कूल प्रबंधन को आरोपी शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा था। प्रबंधन ने दोनों शिक्षकों को हटाने की जानकारी दी है।
- हरबीर सिंह, एडीएम प्रशासन