नैनीताल। बीडी पांडे अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञों के दो पद रिक्त होने से मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। तीन स्वीकृत पदों के सापेक्ष अस्पताल में तैनात एक ही बाल रोग विशेषज्ञ पर मरीजों का भार पड़ रहा है, जिससे व्यवस्थाओं पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
बता दें कि नैनीताल के बीडी पांडे अस्पताल में प्रतिदिन 60 से 70 बीमार बच्चे इलाज के लिए पहुंचते हैं। कभी-कभी यह संख्या सौ तक भी पहुंच जाती है। इलाज के लिए अस्पताल में तीन बाल रोग विशेषज्ञों के पद स्वीकृत हैं। इनमें एक बाल रोग विशेषज्ञ महिला वार्ड में नवजात शिशुओं का इलाज करते हैं। वहीं, दो बाल रोग विशेषज्ञों की तैनाती पुरुष वार्ड में बच्चों के इलाज के लिए की जाती है। इन दिनों अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञों के दो पद रिक्त हैं। इसमें से एक पद बीते एक साल से और दूसरा पद दो महीने से रिक्त है। इसके चलते अस्पताल में मौजूद एक मात्र बाल रोग विशेषज्ञ पर अतिरिक्त भार पड़ रहा है। अस्पताल के पीएमएस डॉ. टीके टम्टा ने बताया कि रिक्त पदों को भरने के लिए दो बाल रोग विशेषज्ञों की मांग शासन स्तर पर की गई है।