सिनेमा व रंगमंच की बारीकियों से बच्चों को अवगत कराने के लिये ढेला में पांच दिवसीय सांस्कृतिक कार्निवाल दो जनवरी से छह जनवरी तक चलेगा। यह जानकारी रचनात्मक शिक्षक मंडल के राज्य संयोजक नवेंदु मठपाल ने दी। उन्होंने बताया विद्यार्थियों व शिक्षक के लिये आयोजित इस कार्यक्रम में फिल्मों के साथ ही साहित्य, शिक्षा व इतिहास के विभिन्न पहलुओं से भी अवगत कराया जाएगा।
कार्निवाल में मुख्य रूप से निर्देशक, अभिनेता सुदर्शन जुयाल, विज्ञान कथा लेखक देवेंद्र मेवाड़ी, रंगकर्मी जहूर आलम, उत्तराखंड इतिहास विशेषज्ञ डा. शेखर पाठक, जनकवि बल्ली सिंह चीमा के अलावा भारतीय समाज और शिक्षा पर अंबेडकर विश्वविद्यालय दिल्ली के नीरज कुमार का वक्तव्य होगा। दिल्ली विश्वविद्यालय के कपिल शर्मा व भोर संस्था के संजय रिखाड़ी के दिशा निर्देशन में सांस्कृतिक टीम भी मौजूद रहेगी।
जेएनयू के अनुपम राय बच्चों को कविता, पोस्टर बनाने के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराएंगे। अंतिम दिन बच्चों को कार्बेट पार्क भ्रमण कराया जायेगा। सांस्कृतिक कार्निवाल में प्रदेशभर के शिक्षक व छात्रों आमंत्रित किया गया है।