नैनीताल। तल्लीताल क्षेत्र में यातायात ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट और वर्दी फाड़ने के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को हिरासत में लिया है। अब तक इस मामले में कुल पांच आरोपियों को हिरासत में लिया जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, 27 जून की रात करीब साढ़े नौ बजे भुजियाघाट क्षेत्र में पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे। इसी दौरान 10 से 12 युवकों ने पुलिस टीम के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बीचबचाव के दौरान पुलिसकर्मी राजेंद्र जोशी से धक्का मुक्की के बाद उनकी वर्दी फाड़ दी गई। आरोपियों ने पुलिसकर्मियों को जान से मारने की धमकी भी दी थी। पुलिसकर्मी की तहरीर पर भुजियाघाट निवासी कुबेर जीना, हर्षित जीना, कौशल जीना, मनीष खाती, हिमांशु बिष्ट समेत 13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले में पुलिस ने दोगड़ा निवासी निखिल चमियाल व राहुल रमोला को हिरासत में लिया है। मामले में अब तक कुल पांच आरोपी हिरासत में लिए जा चुके हैं जिन्हें नोटिस तामील किए जा रहे हैं।