भीमताल में खुटानी के जंगल में लगी भीषण आग। संवाद
- फोटो : भीमताल में खुटानी के जंगल में लगी भीषण आग। संवाद
भीमताल/बेतालघाट (नैनीताल)। पर्वतीय क्षेत्रों के जंगलों में आग लगने का सिलसिला जारी है। बुधवार को ओखलकांडा ब्लॉक की ग्राम पंचायत गलनी के जंगल में लगी आग के आबादी तक पहुंचने से दो घरों और गोशाला को भारी नुकसान पहुंचा है। समाजसेवी कार्यकर्ता राजू बर्गली ने बताया कि आग से प्रहलाद सिंह बर्गली और पान सिंह के मकान को भारी नुकसान पहुंचा है।
ग्रामीणों ने कहा कि आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। क्षेत्र के पान सिंह, नारायण सिंह, अमित बर्गली, हितेश सुयाल, दयाल बर्गली ने पीड़ितों को आर्थिक मुआवजा देने की मांग की है। इसके अलावा विधायक राम सिंह कैड़ा ने भी प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। उधर, भीमताल के खुटानी के जंगल में बुधवार शाम भीषण आग लग गई। आग की तेज लपटों से वन संपदा को बेहद नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों ने आग लगने की सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी। खबर लिखे जाने तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इधर, बेतालघाट के हरोली और तिलाड़ी के जंगल में बुधवार को आग लगी रही। आग से वन संपदा को नुकसान पहुंचा है। देर शाम जंगल में लगी आग पर काबू पा लिया गया।