हल्द्वानी। एक साल पहले गौला नदी के कटाव के कारण क्षतिग्रस्त हुई चोरगलिया रोड पर भले ही यातायात सुचारु हो गया हो लेकिन सड़क का एक हिस्सा अब भी खतरे की जद में है। इसके लिए लोनिवि ने करीब दो करोड़ का आगणन बनाया है। इस मार्ग पर रोजाना गौलापार, चोरगलिया से लेकर चंपावत जिले तक के सात हजार से अधिक लोग वाहनों से आवाजाही करते हैं।
शहर के ताज चौराहा से चोरगलिया रोड होते हुए गौल पुल को जाने वाली सड़क पर दिन भर भीड़भाड़ रहती है। गौलापार स्टेडियम के साथ ही सरकारी दफ्तरों को जाने वाले लोग यहां से आवाजाही करते हैं। लोनिवि ने क्षतिग्रस्त सड़क को बचाने के लिए 1.86 करोड़ से सुरक्षा कार्य शुरू कराया। बरसात में यह पूरी तरह बंद रहा। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत लोनिवि ने यहां क्षतिग्रस्त सड़क को दायीं ओर से चौड़ा कर यातायात शुरू कराया। कार्यदायी संस्था ने यहां का पंतनगर के विशेषज्ञों के साथ ही भूवैज्ञानिकों से भी परामर्श लिया है। इसके बाद नया प्रस्ताव तैयार कर धनराशि मांगी गई है। आपदा मद से स्वीकृति मिलने के बाद काम शुरू किया जा सकेगा। इन दिनों सुरक्षा कार्य के तहत नदी का कटाव रोकने के लिए ब्लॉक बनाए जा रहे हैं।
-
चोरगलिया रोड के बचाव के लिए विशेषज्ञों का दौरा कराने के साथ ही राय ली गई है। इसी के अनुसार डिजाइन तैयार कर काम कराया जाएगा ताकि भविष्य में कटाव जैसी स्थिति न हो। - प्रत्यूष सिंह, अधिशासी अभियंता लोनिवि