हल्द्वानी। राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के अस्थि रोग विभाग ने अत्याधुनिक ऑर्थोस्कोपी तकनीक से दो जटिल घुटना सर्जरी सफलतापूर्वक की हैं। दोनों मरीज पूरी तरह स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं।
अस्थि रोग विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. गणेश सिंह के निर्देशन में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. गौरव जिंदल और उनकी टीम ने दोनों ऑपरेशन किए। पहले मामले में बागेश्वर निवासी 35 वर्षीय नवीन भट्ट कुछ समय पहले गिरकर घायल हो गए थे। इसके बाद उनके दाहिने घुटने में दर्द, लचक, दौड़ने में परेशानी और संतुलन बिगड़ने जैसी समस्याएं हो रही थीं। जांच में घुटने का एसीएल लिगामेंट पूरी तरह क्षतिग्रस्त पाया गया और मेनिस्कस भी फटा हुआ था। दूसरे मामले में हल्द्वानी निवासी 45 वर्षीय पूनम उपाध्याय घर में फिसलकर गिर गई थीं। जांच में उनके बाएं घुटने का एसीएल लिगामेंट पूरी तरह टूटा पाया गया।
डॉ. गौरव जिंदल ने ऑर्थोस्कोपी तकनीक से सफल सर्जरी कर उन्हें राहत दी। दोनों सर्जरी में एनेस्थीसिया विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. एके सिन्हा और अस्थि रोग विभाग के सीनियर रेजिडेंट डॉ. शुभम दुमका का भी योगदान रहा। प्राचार्य डॉ. जीएस तितियाल और एमएस डॉ. अरुण जोशी ने सफल सर्जरी के लिए अस्थि रोग विभाग की टीम को बधाई दी।