राजस्व पुलिस ने धारी तहसील की वन पंचायत कौल में दो लोगों को जंगल में आग लगाते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए दोनों युवक मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के रहने वाले हैं। वे यहां लीसा ठेकेदार के पास मजदूरी करते हैं। राजस्व पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इधर, क्षेत्र के लोगों ने राजस्व पुलिस पर दोनों मजदूरों को बेवजह मामले में फंसाने का आरोप लगाया है।
धारी के एसडीएम राकेश चंद्र तिवारी ने बताया कि सोमवार दोपहर नाग चंद्र (26) पुत्र हलकू राम और नारायण सिंह (30) दोनों निवासी ग्राम गैलू पोस्ट बौचिंक तहसील पडार जिला मंडी (हिमाचल प्रदेश) को वन पंचायत कौल के जंगल में आग लगाते हुए पकड़ लिया। एसडीएम ने बताया कि उनके परगना क्षेत्र में दिन रात अधिकारी और कर्मचारी निगरानी किए हुए हैं।
आग बुझाने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, सरना क्षेत्र के सरपंच मुकेश चंद्र के अलावा नौलाखान और ग्वालकोट की महिलाओं का कहना है कि पकड़े गए दोनों युवकों ने रविवार देर रात तक उनके साथ गांव के जंगल में लगी आग को बुझाने में सहयोग किया है। ऐसे में वह कैसे जंगल में आग लगा सकते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि राजस्व पुलिस ने दोनों युवकों को बेवजह जंगल में आग लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। राजस्व पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ आपदा प्रबंधन तथा वन अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराई है।