हल्द्वानी। लालपुर नायक गांव में ट्यूबवेल दुरुस्त न होने से आबादी का बड़ा क्षेत्र पेयजल संकट से जूझ रहा है। आलम यह है कि लोग प्यास बुझाने के लिए 600 रुपये में टैंकर से पानी खरीद कर प्यास बुझा रहे हैं। दिवाली से पहले खराब हुआ ट्यूबवेल एक सप्ताह में भी ठीक नहीं हो पाया है।
प्रेमपुर लोशज्ञानी ग्राम सभा के लालपुर नायक गांव में महालक्ष्मी विहार का ट्यूबवेल बीती 19 अक्तूबर को खराब हो गया था। इससे करीब चार हजार की आबादी प्रभावित है। अब नलकूप खंड की ओर से ट्यूबवेल की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है लेकिन इसे दुरुस्त करने में तीन दिन का समय लगेगा। स्थानीय निवासी रमेश सुयाल ने बताया कि त्योहार से ही लोग पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं। ग्राम सभा की ओर से टैंकरों से बारी-बारी से पानी बांटा जा रहा है।
लालपुर नायक गांव में ट्यूबवेल से करीब 700 उपभोक्ताओं को पेयजलापूर्ति की जाती है। दरअसल जेजेएम की यह योजना ग्राम सभा को हैंडओवर की गई है, बिल वसूलने के साथ ही लाइनों का मेंटेनेंस की जिम्मेदारी भी ग्राम सभा की है। टैंकर का प्रबंध भी बिल वसूलने वाली संस्था ही करती है।
-अशोक प्रजापति, अधिशासी अभियंता, जल निगम, भीमताल
ट्यूबवेल की मरम्मत का काम तेजी से किया जा रहा है। एई व जेई को दो दिन के भीतर जलापूर्ति शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। पेयजल वितरण की व्यवस्था जल निगम और ग्राम सभा के जिम्मे है।
-कवींद्र पंत अधिशासी अभियंता, नलकूप खंड