हल्द्वानी। हिम्मतपुर तल्ला, फतेहपुर साफी फार्म के बाद अब वार्ड-52 मुखानी के खड़िया फैक्टरी क्षेत्र का ट्यूबवेल खराब हो गया। इससे पांच हजार के आबादी के समक्ष पेयजल संकट खड़ा हो गया। साथ ही जल संस्थान के टैंकरों पर भी बोझ बढ़ गया है।
वार्ड-52 के खड़िया फैक्टरी के पास लगे ट्यूबवेल में बृहस्पतिवार की शाम खराबी आ गई। जांच करने पर पता चला कि बिजली के पैनल और स्टेबलाइजर में फॉल्ट हुआ है। इससे शाम को कुछ क्षेत्रों में जलापूर्ति प्रभावित रही। जल संस्थान की ओर से मरम्मत के लिए उपकरण मंगाए गए हैं। शुक्रवार से मरम्मत कार्य शुरू हो पाएगा। ऐसे में आज सुबह भी खड़िया फैक्टरी से जेकेपुरम और रूपनगर तक के इलाके के लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ेगा। वार्ड पार्षद रेखा बिनवाल ने जल संस्थान के अधिकारियों से जल्द ट्यूबवेल दुरुस्त करने का अनुरोध किया है। गौरतलब है कि हिम्मतपुर तल्ला और फतेहपुर साफी फार्म का ट्यूबवेल खराब होने से छह हजार का आबादी क्षेत्र प्रभावित है। यहां टैंकरों से पानी की आपूर्ति की जा रही है।
जल संस्थान के सहायक अभियंता रवींद्र कुमार ने बताया कि खड़िया फैक्टरी वाले ट्यूबवेल में खराब हुए उपकरणों को बदलने के निर्देश दिए हैं।