नैनीताल। नैनीताल-काठगोदाम मार्ग पर दो गांव क्षेत्र में दूध और अन्य डेयरी उत्पाद लेकर नैनीताल आ रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 200 फुट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में ट्रक चालक घायल हो गया। उसे 108 एंबुलेंस की मदद से हल्द्वानी भेजा गया।
सुयालबाड़ी-रामगढ़ निवासी बालम सुयाल सोमवार सुबह ट्रक संख्या से आनंदा दूध डेयरी का दूध और अन्य उत्पाद लेकर नैनीताल आ रहे थे। दोगांव के समीप ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 200 फुट गहरी खाई में जा गिरा। चालक ने वाहन के खाई में गिरने के दौरान बीच में ही छलांग लगा दी। हादसे में वह घायल हुआ लेकिन जान बच गई। हादसे में हजारों के दुग्ध उत्पाद बर्बाद हो गए। सूचना मिलते ही ज्योलीकोट चौकी के कांस्टेबल मलकीत सिंह, अनूप सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल चालक को खाई से बाहर निकाला।
कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि घायल चालक को 108 एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए हल्द्वानी भेजा गया है। हादसों के कारण का भी पता लगाया जा रहा है।