हल्द्वानी। ट्रंचिंग ग्राउंड तीन दिन से धधक रहा है। आग के कारण इंदिरा नगर और गौलापार की 25 हजार आबादी परेशान है। इंदिरा नगर क्षेत्र में धुएं के कारण लोगों का दम घुटने, आंखों से पानी आने की शिकायतें भी आ रही है। नगर निगम के अधिकारी जानकारी के बाद भी मूकदर्शक बने हुए हैं। ये हाल तब है जबकि हाईकोर्ट पूर्व में ट्रंचिंग ग्राउंड की आग बुझाने और कंपोस्ट प्लांट लगाने को लेकर फैसला दे चुका है।
ट्रंचिंग ग्राउंड का धुंआ लोगों का दम घोट रहा हैं। इंदिरा नगर निवासी तसलीम, पार्षद मो. गुफरान सहित कई लोगों का आरोप है कि ट्रंचिंग ग्राउंड के धुएं से इंदिरा नगर क्षेत्र में सांस लेने में दिक्कत हो रही है। धुएं के कारण आंखों में जलन और पानी निकलने की शिकायतें आ रही है। ट्रंचिंग ग्राउंड की आग बुझाने के लिए कई बार नगर आयुक्त और नगर स्वास्थ्य अधिकारी को लिखित और मौखिक शिकायत दी जा चुकी है। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
ट्रंचिंग ग्राउंड में आग लगने की शिकायत मिली है। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड से मदद मांगी गई है। जल्द ही आग बुझाई जाएगी।
-डा. मनोज कांडपाल नगर स्वास्थ्य अधिकारी