नैनीताल। मूसलाधार बारिश के चलते बोल्डर और पेड़ गिरने से जिले में एक हाईवे समेत 21 मार्ग बंद हो गए। देवीधूरा-बसानी मार्ग भी मलबा आने के कारण आवाजाही ठप है। प्रशासन की ओर से प्रभावित स्थानों पर जेसीबी लगाकर मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। नैनीताल-काठगोदाम हाईवे भी तीन स्थानों पर मलबा और पेड़ गिरने से बंद रहा। मलबा हटाकर इसे खोला गया।
नैनीताल व आसपास के क्षेत्र में मंगलवार रात से दोपहर तक बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित रहा। रात में देवीधूरा-बसानी मार्ग पर कई स्थानों पर बोल्डर और पेड़ गिरने से सड़क बंद हो गई। नैनीताल-काठगोदाम रोड पर बल्दियाखान, हनुमानगढ़ में मलबा और डोलमार में पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित रहा। इधर, गेठिया के पास भी सड़क पर मलबा गिरने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। नैनीताल-आलूखेत मार्ग भी क्षतिग्रस्त हुआ है। यहां पर टीमें मार्ग खोलने के लिए लगाई गईं हैं लेकिन देर शाम तक कई रास्ते नहीं खुल पाए हैं। जिला आपदा कंट्रोलरूम के अनुसार क्वारब-भवाली, सूखा घोडि़याटापू रोड, पटोडी बेतालघाट, तल्ला रामगढ़-रातीघाट मार्ग, हरतपा-तितोली, भौर्सा पिनरो, हली हरतपा, बेल फतेहपुर, भल्यूटी भद्यूनी, बिनकोट चंद्रकोट, तल्लीपाली मल्लीपाली, अंबेडकर रिखोली, रातीघाट बुदलाकोट, गर्जिया बेतालघाट, कांडा डौन, चमरियाल लोहाली, ढोलीगांव कैड़ागांव, हरीशताल मोटरमार्ग, देवीपुरा सौड़ व सलियाकोट अर्नपा मार्ग बंद हैं। विभागों की ओर से मार्ग खोलने के लिए जेसीबी लगाई गई हैं।
अधिकारियों ने नैनीताल के कई क्षेत्रों का निरीक्षण किया
नैनीताल में कई क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए एसडीएम और पटवारी ने अलग-अलग क्षेत्रों में निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। एसडीएम नवाजिश खलिक ने बताया कि उन्होंने सात नंबर क्षेत्र और पटवारी ने होलिडे होम और कृष्णापुर क्षेत्र का निरीक्षण किया है। बताया कि हॉलिडे होम की क्षतिग्रस्त दीवार की मरम्मत करने के लिए कैंट के अधिकारियों से वार्ता की जा चुकी है। वहीं अन्य भूस्खलन संभावित क्षेत्रों पर नजर रखने के लिए लोनिवि को निर्देशित किया गया है।