नैनीताल मार्ग पर दोगांव के पास भूस्खलन से बचाव के लिये एनएच पहाड़ का ट्रीटमेंट करायेगा। इसके अलावा गुलाब घाटी के भू-धंसाव वाले इलाके में भी ट्रीटमेंट पर तीन करोड़ रुपया खर्च किया जाएगा।
नैनीताल मार्ग पर दोगांव के पास बुधवार तड़के भूस्खलन से 24 घंटे तक मार्ग बंद रहा था। इसके अलावा खतरनाक तरीके से लटके बोल्डर को हटाने में विभाग को तीन दिन लग गये। पर विभाग को आशंका है कि भूस्खलन का खतरा टला नहीं है। ऐसे में विभाग दोगांव समेत पूरे मार्ग का भूगर्भ विशेषज्ञों से सर्वे करायेगा।
इसके बाद दोगांव इलाके की पहाड़ी का ट्रीटमेंट कराया जाएगा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार इसमें पहाड़ के ऊपर की तरफ ब्रेस्ट वॉल, नीचे की तरफ रिटेनिंग वॉल बनाई जाएगी। इसी तरह गुलाब घाटी में रिटेनिंग वाल बनाने के साथ नदी के कटाव से बचाने के लिये प्रोटेक्शन वर्क किया जाएगा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार अल्मोड़ा मार्ग पर पाडली में भूस्खलन वाले इलाके का भी ट्रीटमेंट कर खतरा कम करने का प्रयास किया जाएगा। यहां पर विशेषज्ञों की टीम ने सर्वे आदि का काम भी पूरा कर लिया है।