हल्द्वानी। कोविड मरीजों को इलाज मुहैया कराने के लिए प्रशासन की पहल रंग लाने लगी है। मुखानी चौराहे पर एक होटल में कोविड मरीजों का इलाज शुरू हो गया है। हालांकि यहां हल्के लक्षण वाले मरीज रखे जा रहे हैं और ऑक्सीजन कंसनट्रेटर से उन्हें ऑक्सीजन दी जा रही है।
डीएम धीराज गर्ब्याल ने कोविड मरीजों को इलाज मुहैया कराने के लिए होटलों को भी अस्थायी कोविड अस्पताल बनाने की पहल शुरू की थी। पांच होटल स्वामियों से उनकी लगातार बात चल रही थी। शुक्रवार से मुखानी चौराहे पर स्थित एक होटल में कोविड मरीजों को इलाज मुहैया कराया जाने लगा। गर्ब्याल ने बताया कि कोविड के हल्के लक्षण वाले और जिनका ऑक्सीजन सेचुरेशन 90 से 94 के बीच है। साथ ही कोई अन्य बीमारी नहीं है, उन्हें रखा जा रहा है। आईसीयू या वेंटीलेटर वाले मरीजों को होटल में नहीं रखा जा रहा है। इस बात का ध्यान भी रखा जा रहा है कि जिनकी सांस लेने की दर 24 प्रतिमिनट से कम है, उन्हें ही रखा जाए। होटल में पांच कोविड मरीजों को रखा गया है और ऑक्सीजन कंसनट्रेटर से उनको ऑक्सीजन दी जा रही है।
18 से 44 वर्ष के लोगों को दस मई से लग सकता है टीका
हल्द्वानी। 18 से 44 वर्ष की आयु के लोगों को दस मई से प्रदेश में टीका लगने की संभावना है। टीके की एक लाख डोज नौ मई तक देहरादून पहुंचने की संभावना है। राज्य प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. कुलदीप मर्तोलिया ने बताया कि नौ मई तक एक लाख डोज आने की संभावना है। डोज आने के साथ ही जिलों को दी जाएंगी। दस या 11 मई से जिलों में 18 से 44 वर्ष की आयु वर्ग के लोगों का टीकाकरण शुरू हो जाएगा।