जिप्सी किराये में बुधवार (आज) से 16 फीसदी की वृद्धि होने से कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के विभिन्न जोन में घूमने के लिए ज्यादा पैसे देने होंगे। इससे पूर्व वर्ष 2021 में जिप्सी किराया बढ़ाया गया था। प्राकृतिक सौंदर्य और विशेषकर बाघ और हाथियों के लिए प्रसिद्ध कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में देश-विदेश से पर्यटक पहुंचते हैं। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में संचालित जिप्सियों के किराये में उपभोक्ता मूल्य सूचकांक को ध्यान में रखते हुए वृद्धि की गई है।
सर्दियों में सुबह की पाली में 6:30 बजे से 10:30 बजे, जबकि शाम की पाली में दोपहर 2:30 बजे से 6:30 बजे तक जंगल सफारी कराई जाती है। रामनगर वन प्रभाग के डीएफओ दिंगथ नायक ने बताया कि गर्मी के सीजन को देखते हुए सोमवार से सीतावनी और भंडारीपानी जोन के समय में बदलाव सुबह 6 से 10 बजे, जबकि शाम की पाली में दोपहर 2 से 6 बजे तक जंगल सफारी कराई गई। उधर कार्बेट के वार्डन अमित ग्वासीकोटी ने बताया कि कार्बेट में डे सफारी के समय में मंगलवार से बदलाव किया जाएगा। वहीं तराई पश्चिमी वन प्रभाग के एसडीओ संदीप गिरि ने बताया कि मंगलवार से फाटो व हाथीडगर जोन के समय में आधे घंटे का बदलाव किया जाएगा।