नैनीताल। नैनीताल की लोअर मॉल रोड पर वाहनों को अब सूचना कार्यालय के पास से अपर माॅल रोड पर भेजा जाएगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से तैयार रैंप पर वाहनों का संचालन शुरू कर दिया गया है।
बता दें कि दो सप्ताह पूर्व नैनीताल की लोअर मॉल रोड पर पर्यटन कार्यालय के पास 15 मीटर हिस्से पर दरारें उभरने के साथ धंसाव हो गया था। सुरक्षा की दृष्टि से लोनिवि की ओर से लोअर मॉल रोड पर वाहनों की आवाजाही इंडिया होटल से बंद कर दी गई थी। अधिकारियों और जन प्रतिनिधियों के निरीक्षण के बाद विभाग और कार्यदायी संस्था को पूर्व में धंसी मॉल रोड के स्थायी ट्रीटमेंट के साथ 15 मीटर हिस्से की भी रोकथाम करने के निर्देश दिए गए। काम शुरू करने से पूर्व विभाग की ओर से अपर मॉल रोड पर यातायात का दबाव कम करने के लिए सूचना कार्यालय के पास लोअर मॉल रोड पर रैंप बनाया गया ताकि वाहन उससे अपर मॉल रोेड पर आ सकें। विभाग ने मंगलवार को रैंप से वाहनों का संचालन शुरू कर दिया है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता रत्नेश सक्सेना ने बताया कि रैंप से यातायात सुचारु कर दिया है। रैंप पर वाहनों के संचालन से अपर मॉल रोड पर वाहनों का दबाव कम पड़ेगा।