निकाय चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को मतदान होना है और इससे एक दिन पहले पोलिंग पार्टियां शहर से रवाना हो जाएंगी। इसे लेकर यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान लागू ही किया है। साथ ही भारी वाहनों को बैन कर दिया है। बुधवार सुबह सात बजे के बाद शहर में भारी वाहनों के प्रवेश को रोक दिया जाएगा। वाहनों को बाईपास के जरिये ही उनके गंतव्य तक भेजा जाएगा।
रोडवेज बसें भी एक दिन के लिए नए रूट से चलेंगी। शहर के छह स्थल जीरो जोन रहेंगे। यानी यहां वाहन नहीं चलेंगे। पोलिंग पार्टियों के वाहन एमबी इंटर कॉलेज और मतदान से जुड़े कार्मिकों के निजी वाहन महिला डिग्री कॉलेज, खालसा नेशनल गर्ल्स स्कूल, गुरु तेग बहादुर इंटर कॉलेज और परख इमेजिंग सेंटर की पार्किंग में पार्क होंगे।
यह है व्यवस्था
-शहर के अंदर यातायात, डायवर्जन, पार्किंग बुधवार को प्रभावी रहेगा। सुबह सात बजे से यह प्लान पोलिंग पार्टिंयों की रवानगी तक लागू रहेगा। सभी प्रकार के भारी वाहन सुबह सात बजे तक हल्द्वानी शहर क्षेत्र से बाहर निकल जाएंगे। सात बजे से नैनीताल रोड पर तिकोनिया से हाइडिल तिराहा तक और हाइडिल तिराहा से तिकोनिया तक भारी वाहनों का आवागमन नहीं होगा। भारी वाहन बाईपास मार्गों का प्रयोग करेंगे।
-रोडवेज, सिटी व अन्य बसों के लिए भी यातायात डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। पर्वतीय क्षेत्र से हल्द्वानी शहर को आने वाली सभी बसें नारीमन तिराहा से डायवर्ट होकर गौलापार से तीनपानी से मंडी तिराहा होकर रोडवेज तक आ सकेंगी। इसी प्रकार हाइडिल तिराहा से डायवर्ट होकर पनचक्की से लालडांठ होकर कालाढूंगी तिराहा से रोडवेज तक आ सकेंगी।
-हल्द्वानी शहर से पर्वतीय क्षेत्र को जाने वाली समस्त बसें रोडवेज पूर्वी गेट से बनभूलपुरा गौलापुल होते हुए गौलापार से नारीमन तिराहा से जा सकेंगी। सुबह सात बजे से तिकोनिया से हाइडिल तिराहा और हाइडिल तिराहा से तिकोनिया तक सभी बसों का आवागमन बंद रहेगा।
-रामपुर रोड, बरेली रोड से आने वाली बसें टीपीनगर से होंडा शोरूम तक आ सकेंगी। इसके अलावा तीनपानी से गौलापार को जाएंगी।
दो, तीन और चारपहिया वाहनों के लिए भी डायवर्जन प्लान
सभी वाहनों के लिए छह स्थान जीरो जोन
- नैनीताल रोड पर तिकोनिया से सौरभ होटल तक
- कुल्यालपुरा चौराहा से एमबी इंटर कॉलेज और एमबी डिग्री कॉलेज तिराहा तक
- महारानी होटल कट से सरस्वती रेस्टोरेंट होते हुए दोनहरिया तिराहा और कुल्यालपुरा चौराहे तक
- दोनहरिया तिराहे से सरस्वती रेस्टोरेंट से महारानी होटल तिराहा और कुल्यालपुरा तिराहे तक
- पानी की टंकी तिराहा से कुल्यालपुरा की ओर
- कलावती तिराहा नवाबी रोड से कुल्यालपुरा की ओर