भीमताल-खुटानी-चांफी-पदमपुरी-धारी मोटर मार्ग पर लोक निर्माण विभाग की ओर से डामरीकरण का निर्माण कार्य किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने सड़क पर डामरीकरण के चलते वाहनों की आवाजाही से प्रभावित हो रहे डामरीकरण और सड़क पर लग रहे जाम की समस्या से डीएम को अवगत कराया था। साथ ही डीएम से उक्त मार्ग पर मंगलवार से 10 जून तक सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक सड़क पर यातायात डायवर्ट करने की मांग की थी।
डीएम ने लोनिवि की मांग पर उक्त मार्ग पर डामरीकरण के लिए मंगलवार से 10 जून तक दोपहर 3.45 बजे से शाम 8 बजे तक यातायात को डायवर्ट करने के आदेश दिए हैं। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता कृष्ण कुमार ने बताया कि डीएम के आदेश के तहत खुटानी-पदमपुरी-धारी मोटर मार्ग पर 10 जून तक दोपहर 3.45 बजे से शाम 8 बजे तक यातायात भवाली-रामगढ़-भटेलिया-धानाचूली मोटर मार्ग पर डायवर्ट किया गया है। उन्होंने वाहन चालकों और यात्रियों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि यातायात डायवर्ट करने का मुख्य उद्देश्य सड़क पर गुणवत्ता पूर्ण डामर करना है।