लालकुआं (नैनीताल)। एंबुलेंस चालक ने टुकटुक (ई-रिक्शा) से साइड मांगी तो ई-रिक्शा चालकों ने एंबुलेंस चालक का सिर फोड़ दिया। पुलिस ने टुकटुक को कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
सेंचुरी पेपर मिल में शनिवार को एक बीमार व्यक्ति हो गया। उसे एंबुलेंस से हल्द्वानी अस्पताल ले जाया जा रहा था। इस एंबुलेंस को त्रिलोचन मेलकानी चला रहा था।
एंबुलेंस के आगे खड़े टुकटुक से यातायात बाधित हो गया। एंबुलेंस चालक ने साइड मांगी तो दोनों में नोकझोंक हो गई। मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि टुकटुक चालक और उसके साथियों ने पत्थर से प्रहार कर एंबुलेंस चालक त्रिलोचन का सिर फोड़ दिया। इसी दौरान क्षेत्रवासियों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने टुकटुक को कब्जे में लिया है जबकि आरोपियों की तलाश जारी है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि गोला रोड में टुकटुक वालों का आतंक है। वह अक्सर राहगीर से बेवजह बवाल करते हैं। उन्होंने टुकटुक चालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।